30 अक्टूबर को 50 प्रगतिशील किसानों को किया जाएगा सम्मानित

सोलन। कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 30 अक्टूबर को प्रोग्रेसिव फार्मर अवॉर्ड कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए कार्तिक शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर जिलों के करीब 50 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्तिक शर्मा ने बताया कि टेक्सस कंपनी के सहयोग से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पिछले तीन वर्षों से लगातार किया जा रहा है। यह उनका सातवां कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से अब तक करीब 300 किसानों को सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कृषि और बागवानी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों की मेहनत को पहचान दिलाना और अन्य किसानों को भी प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि चार जिलों के अनेक किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और बागवानी के माध्यम से बेहतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे किसानों को मंच प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्तिक शर्मा ने किसानों से अपील की कि जिन किसानों ने कृषि या बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, वे अपनी उपलब्धियों, नाम, पते और कार्य से संबंधित वीडियो के साथ जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि भविष्य में उन्हें भी सम्मानित करने के लिए चयनित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सम्मान के लिए संबंधित कंपनी से किसी भी प्रकार का सामान खरीदना अनिवार्य नहीं है। किसानों की मेहनत और उपलब्धियां ही चयन का आधार हैं।
अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मां शूलिनी से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *