सोलन। वाल्मीकि सुधार सभा सोलन की ओर से भगवान वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम और शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को भगवान वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. सिकंदर कुमार ने आयोजन के लिए वाल्मीकि सुधार सभा के अध्यक्ष मट्टू, तसीम भारती, बादल नहर और उनकी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों के माध्यम से भगवान वाल्मीकि के जीवन, विचारों और समाज को दिए गए संदेशों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को महापुरुषों के विचारों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं समाज को समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। वर्तमान समय में इन आदर्शों को आत्मसात करना बेहद जरूरी है। समाज की मजबूती के लिए आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा। सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग से ही एक मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि देश को विश्व गुरु बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित राष्ट्र तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देंगे, तभी विकास के लक्ष्यों को हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने लोगों से भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और एकता को मजबूत करने की अपील की।
सोलन में धूमधाम से मनाई वाल्मीकि जयंती, डॉ. सिकंदर कुमार ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश