सोलन : यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर स्वर्ण समाज की पदयात्रा 18वें दिन सोलन पहुंची, 22 अक्टूबर को शिमला पहुंचने का लक्ष्य

सोलन। यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर निकाली जा रही स्वर्ण समाज की पदयात्रा 18वें दिन सोलन पहुंची। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के संस्थापक एवं अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि पदयात्रा मां शूलिनी माता के चरणों में नमन करने के बाद आगे बढ़ी। यात्रा का उद्देश्य यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मांग उठाना और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना है।
रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि पदयात्रा सोलन से रवाना होकर कंडाघाट और वाकनाघाट की ओर बढ़ रही है। वाकनाघाट में पड़ाव और विश्राम के बाद यात्रा शिमला की ओर प्रस्थान करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि यात्रा का रात्रि विश्राम शोगी के आसपास प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा 22 अक्टूबर को शिमला पहुंचेगी।
इस पदयात्रा में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ स्वर्ण समाज के नेता महिपाल सिंह मकराना भी प्रमुख रूप से शामिल हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों से संपर्क कर यूजीसी रोलबैक की मांग के समर्थन में अपनी बात रखी जा रही है।
आयोजकों ने सोलन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे कंडाघाट और वाकनाघाट के रास्ते में पदयात्रा से जुड़कर अपना समर्थन दें। उनका कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से इस अभियान को मजबूती मिलेगी।
पदयात्रा के शिमला पहुंचने के बाद आगामी कार्यक्रमों और मांगों को लेकर आगे की रणनीति सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ रही है और आयोजक इसे शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करने की तैयारी में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *