सोलन : राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सोलन जिला ओवरऑल चैंपियन, कबड्डी और कुराश में झटके प्रथम स्थान

सोलन। शिमला जिले के कुपवी में 11 से 14 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सोलन जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सोलन की टीम ने कबड्डी और कुराश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि वॉलीबॉल और खो-खो में तीसरे स्थान पर रही। इस प्रदर्शन के आधार पर सोलन को सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित कर ऑल राउंड बेस्ट ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
उच्च शिक्षा विभाग सोलन की उपनिदेशक मधु जनारथा ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, एडीपीओ, शारीरिक शिक्षकों और अन्य सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, उचित प्रशिक्षण और पारदर्शी चयन प्रक्रिया से यह सफलता मिली है। कोठों में आयोजित पांच दिवसीय कोचिंग शिविर ने भी खिलाड़ियों की तैयारी में अहम भूमिका निभाई।
कबड्डी कोच राजेंद्र पेष्टा ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों के करीब 764 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सोलन जिले के 56 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी में सोलन की टीम ने फाइनल मुकाबले में बिलासपुर को हराकर खिताब जीता। उन्होंने नालागढ़ के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की। कोच नरेश कंवर ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई।
मधु जनारथा ने कहा कि विभाग का लक्ष्य आगामी प्रतियोगिताओं में सोलन के नाम गवर्नर ट्रॉफी करना और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उन्हें नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *