सोलन में कांग्रेस की गारंटियों के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सोलन। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। सोलन मंडल भाजपा की ओर से आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मीधर सूद ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान गारंटियों के नाम पर जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। इससे प्रदेश के लोगों में निराशा है।
रश्मीधर सूद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों सहित समाज के हर वर्ग के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में जिला और मंडल स्तर पर प्रदर्शन कर जनता को कांग्रेस की गारंटियों की वास्तविकता से अवगत करवा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के चुनाव आयोग को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान गारंटियों के आधार पर जनता का समर्थन हासिल किया था, ऐसे में अब चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय सरकार को अपने वादों का हिसाब देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि आगामी समय चुनावी वर्ष के रूप में देखा जा रहा है और सरकार अब छोटी-छोटी घोषणाओं के माध्यम से जनता को लुभाने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, तो जनता उस पर भरोसा क्यों करे।
सोलन की पेयजल समस्या पर उन्होंने कहा कि नगर निगम से संबंधित जलापूर्ति योजना की फाइलें शिमला स्तर पर अटकी हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के माध्यम से सोलन के लिए नई पेयजल योजना लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को नियमित पानी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की कथित वादाखिलाफी के खिलाफ भाजपा का आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा। साथ ही जनता से सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और भाजपा का समर्थन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *