सोलन। कंडाघाट विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों को कार्यप्रणाली की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 25 पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान भाग ले रहे हैं। जिला परिषद सोलन की अध्यक्ष शीला कुमारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए इसे जनप्रतिनिधियों के लिए उपयोगी पहल बताया।
शीला कुमारी ने कहा कि पिछले एक से डेढ़ महीने से प्रदेश में प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड पंचों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को कार्यभार संभालने और विकास कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाना सराहनीय कदम है। इससे उन्हें अपने दायित्वों को समझने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पिछली बार जनप्रतिनिधियों को इस प्रकार का प्रशिक्षण चुनाव के करीब दो वर्ष बाद दिया गया था, जबकि इस बार समय रहते प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इसके लिए उन्होंने संबंधित प्रशासन का आभार जताया।
जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि कंडाघाट विकासखंड की 25 पंचायतों से लगभग 50 प्रतिनिधि प्रशिक्षण में शामिल हुए हैं। इनमें 25 प्रधान और 25 उपप्रधान शामिल हैं। पिछले दो दिनों से जारी इस प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी फैकल्टी सदस्यों द्वारा पंचायतों की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और विकास कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जा रही है।
शीला कुमारी ने बताया कि उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे पंचायत प्रतिनिधियों से बातचीत भी की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताया। पहली बार चुनाव जीतकर आए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें पंचायत स्तर पर काम करने और अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से पंचायतों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
सोलन : कंडाघाट में पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण सम्मेलन, 25 पंचायतों के प्रतिनिधि ले रहे भाग