सोलन। युवाओं को मॉडलिंग, संगीत और मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से नोवेंटा स्टूडियोज प्राइवेट लिमिटेड ने ‘मिस एंड मिस्टर इंड ग्लोबल सुपर मॉडल’ टैलेंट हंट की शुरुआत की है। प्रतियोगिता का पहला ऑडिशन 11 अक्टूबर को सोलन में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शिमला और चंडीगढ़ में भी ऑडिशन होंगे, जबकि ग्रैंड फिनाले दिसंबर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए नोवेंटा स्टूडियोज के डायरेक्टर रमिंदर बावा, प्रतिनिधि सूरज, हिमाचली गायक अरुण जुष्टा और जौनसारी गायक राजेश त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को मंच देने के साथ उनके करियर को आगे बढ़ाने में मदद करना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 1,000 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के पहले दो विजेताओं को अंतरराष्ट्रीय यात्रा का अवसर दिया जाएगा, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को घरेलू टूर और नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। शीर्ष पांच विजेताओं का पेशेवर पोर्टफोलियो शूट करवाया जाएगा। वहीं, शीर्ष दस प्रतिभागियों को आयोजकों के अनुसार संगीत वीडियो, ओटीटी कार्यक्रमों और फिल्मों में काम करने के अवसर दिलाने के लिए विभिन्न प्रोडक्शन हाउस के साथ सहयोग किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। स्पॉन्सरशिप और सहयोग से जुटाई जाने वाली राशि से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता तथा बालिकाओं की शिक्षा पर खर्च करने की योजना है।
हिमाचली गायक अरुण जुष्टा ने इसे युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर बताया। वहीं, राजेश त्यागी ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है। उन्होंने युवाओं से 11 अक्टूबर को सोलन में होने वाले ऑडिशन में भाग लेने की अपील की।
सोलन में ‘मिस एंड मिस्टर इंड ग्लोबल सुपर मॉडल’ टैलेंट हंट का आगाज, 11 अक्टूबर को ऑडिशन