सोलन। शहर में पिछले 46 वर्षों से चली आ रही रामलीला और दशहरा उत्सव की परंपरा इस वर्ष भी धूमधाम से आयोजित होगी। रामलीला मंडल की ओर से आयोजन को लेकर सामने आई चिंताओं के बाद कांग्रेस संगठन के नेताओं ने मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामले को जिला प्रशासन और नगर निगम के समक्ष उठाया। इसके बाद आयोजन के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता और मंच निर्माण को लेकर सहमति बनी।
नगर निगम की ओर से रामलीला के मंच निर्माण के लिए 1.5 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, उपायुक्त कार्यालय की ओर से रामलीला आयोजन के लिए एक लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। इसके अलावा व्यापार मंडल और जगदम्बा मंडल की ओर से भी एक लाख रुपये का सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय व्यापारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।
कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों ने निर्माण स्थल का दौरा कर तैयार किए जा रहे मंच का निरीक्षण भी किया। बताया गया कि आगामी नवरात्रों को देखते हुए फिलहाल मंच का आकार सीमित रखा जा रहा है। हालांकि भविष्य में मंच को बड़ा करने के लिए निर्माण में सरिए और अन्य आवश्यक प्रावधान छोड़े गए हैं। नगर निगम आयुक्त ने मंच निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ पूरा करवाने का आश्वासन दिया है।
रामलीला मंडल से जुड़े लोगों ने बताया कि सोलन में रामलीला की परंपरा 46 वर्षों से चली आ रही है। इसमें शहर के स्थानीय बच्चे और कलाकार उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जाता है।
आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम, कांग्रेस संगठन, व्यापार मंडल और जगदम्बा मंडल के सहयोग से तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष भी रामलीला और दशहरा उत्सव को पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा।