सोलन। जिला कांग्रेस कमेटी सोलन की ओर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध जताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे सहित तीन प्रमुख मांगें उठाईं। प्रदर्शन धरने के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद कार्यकर्ता रोष रैली निकालते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे। रैली का समापन चिल्ड्रन्स पार्क में राष्ट्रगान के साथ किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी ने कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है और निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में हुए चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए और चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं।
बरमानी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति के समय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनके नाम पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग के अन्य चुनाव आयुक्तों ने भी कथित तौर पर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में कई बार लिखित आपत्तियां दर्ज करवाईं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के सांसदों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें हिरासत में लिया गया। बरमानी ने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति बताते हुए भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें। उनके कार्यकाल में विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों और लिए गए नीतिगत फैसलों की समीक्षा करवाई जाए। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त, कथित साजिश में शामिल भाजपा नेताओं और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।
सोलन : संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ रैली में कांग्रेस ने उठाई चुनाव आयोग पर आवाज