सोलन : हिमाचल उत्सव कबड्डी प्रतियोगिता में 32 पुरुष और 10 महिला टीमों ने लिया हिस्सा

सोलन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल ने सोलन में हिमाचल उत्सव के तहत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के 22वें संस्करण को सफल आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि आयोजक अंकुश सूद और उनकी टीम की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।
कर्नल संजय शांडिल ने कहा कि प्रदेश इस समय चिट्टे सहित विभिन्न प्रकार के नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेल प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से 32 पुरुष टीमों और 10 महिला टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और मुकाबलों में खेल भावना देखने को मिली। खराब मौसम के बावजूद खिलाड़ियों, रेफरियों और मैच अधिकारियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने पूरे जोश और दमखम के साथ मैदान में उतरकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
कर्नल शांडिल ने कहा कि कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुख्य आयोजक अंकुश सूद और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही रेफरियों, मैच अधिकारियों और आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। BITE – कर्नल संजय शांडिल उपाध्यक्ष पूर्व सैनिक कल्याण विभाग हिमाचल प्रदेश कांग्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *