सोलन : सहकारी क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पेंशन बहाली की उठाई मांग

सोलन। सहकारी क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर संयुक्त पेंशन संघ सोलन के मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता ने प्रदेश सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आगामी दिवाली पर पेंशन बहाली की घोषणा कर बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत दी जाए।
विनोद गुप्ता ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री ने सत्ता में आने से पहले विभिन्न मंचों और विधानसभा में सहकारी क्षेत्र के कर्मचारियों की पेंशन शुरू करने का आश्वासन दिया था। उनका कहना है कि सरकार के करीब चार वर्ष पूरे होने के बावजूद यह मांग पूरी नहीं हुई है। हर बार प्रदेश की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों की उम्र 70 वर्ष से अधिक हो चुकी है। पेंशन और चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई बुजुर्ग दैनिक खर्चों के लिए अपने बच्चों पर निर्भर हैं।
गुप्ता के अनुसार सहकारी क्षेत्र में कुल 6,730 कर्मचारी कार्यरत और सेवानिवृत्त रहे हैं। इनमें करीब 4,200 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि लगभग 1,500 सेवानिवृत्त कर्मचारियों का निधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि पेंशन के वास्तविक पात्र कर्मचारियों की संख्या इससे कम है।
उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों का करीब 2,250 करोड़ रुपये का फंड ईपीएफ के पास जमा है। उनके अनुसार पेंशन योजना लागू होने पर यह राशि राज्य सरकार को हस्तांतरित हो सकती है। संयुक्त पेंशन संघ ने सरकार से मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द पेंशन बहाल करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *