सोलन: कुराश एसोसिएशन की आम सभा में 5 खिलाड़ियों का सम्मान, हर शनिवार चलेगा एंटी-चिट्टा अभियान

सोलन। हिमाचल प्रदेश एमेच्योर कुराश एसोसिएशन की जनरल बॉडी की बैठक सोलन में आयोजित की गई। बैठक में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नशे से दूर रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी वीरेंद्र ढौल्टा ने बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश से पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। बैठक के दौरान इन खिलाड़ियों का विशेष सम्मान किया गया। एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बैठक में कुराश खेल को प्रदेश के तीन प्रतिशत खेल कोटे में शामिल करने को लेकर भी चर्चा की गई। वीरेंद्र ढौल्टा ने कहा कि कुराश एशियन गेम्स और ओलंपिक से मान्यता प्राप्त खेल है। हिमाचल प्रदेश में भी स्कूल स्तर पर अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में कुराश प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल नेशनल स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों ने इस खेल में उल्लेखनीय संख्या में पदक हासिल किए हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए कुराश को खेल कोटे में शामिल करने की आवश्यकता है।
बैठक में सोलन से सेवानिवृत्त एडीपीओ अशोक चौहान को एसोसिएशन का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अशोक चौहान को खेल क्षेत्र में करीब 35 से 40 वर्षों का अनुभव है।
बैठक में प्रदेश में बढ़ते नशे को लेकर भी चिंता जताई गई। एसोसिएशन ने हर शनिवार प्रदेश के सभी जिलों में एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। इसके तहत डिबेट, डिस्कशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *