सोलन। बारिश का दौर थमने के बाद सोलन के प्रमुख माल रोड और सपून से पुराने बस स्टैंड होते हुए पुराने डीसी कार्यालय को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग की मुख्य सड़क की हालत खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बजरी उखड़ने के साथ बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से उड़ रही धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारी धर्मेंद्र ठाकुर ने सड़क की बदहाली को लेकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में विभाग के कर्मचारी सड़क के गड्ढे भरने पहुंचे, लेकिन प्लास्टिक के लिफाफों में बजरी लाकर गड्ढों में डालकर खानापूर्ति की गई। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की अस्थायी व्यवस्था से सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।
धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि माल रोड सोलन शहर का प्रमुख क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में दुकानें, शोरूम, स्कूल और अन्य व्यावसायिक संस्थान हैं। यहां रोजाना स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और वाहनों की आवाजाही रहती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी आवाजाही के दौरान परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि यदि जल्द सड़क की उचित मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय व्यापारियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि केवल गड्ढों में बजरी डालने की बजाय सड़क की पूरी तरह मरम्मत कर उस पर तारकोल की पक्की परत बिछाई जाए। धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि सड़क की हालत सुधारने के लिए विभाग को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि व्यापारियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिल सके। BITE – धर्मेंद्र ठाकुर सोलन स्थानीय व्यापारी