सोलन : संकल्प रथ से 48 पंचायतों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान

सोलन। कसौली और सोलन क्षेत्र में नशे, विशेषकर चिट्टे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तिष्ठ भारत सेवा ट्रस्ट की ओर से एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। ट्रस्ट ने अभियान को ‘संकल्प रथ’ नाम दिया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष नवनीत गोदयाल ने बताया कि अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को होगी। राज्यपाल संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उद्घाटन समारोह में शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप और क्षेत्रीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहेंगे। ट्रस्ट के अनुसार अभियान के तहत कसौली और आसपास के क्षेत्रों की करीब 48 पंचायतों को शामिल किया जाएगा। टीम गांव-गांव और पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी। अभियान के दौरान विशेष रूप से युवाओं को चिट्टे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी जाएगी।
नवनीत गोदयाल ने कहा कि नशे की समस्या केवल किसी एक परिवार या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने चिट्टे की तुलना ‘कालनेमी राक्षस’ से करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना है। पंचायतों में स्थानीय लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक माहौल तैयार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *