सोलन। माल रोड स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर के पंडित मदन दत्त शर्मा ने पितृ पक्ष और श्राद्ध की तिथियों को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि पूर्णिमा का श्राद्ध 26 सितंबर से शुरू हो गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मध्याह्न काल में रहने वाली तिथि को ही श्राद्ध के लिए मान्य माना जाता है। इसी आधार पर इस बार पूर्णिमा श्राद्ध की शुरुआत 26 सितंबर से हुई है।
पंडित मदन दत्त शर्मा के अनुसार पितृ कार्य से संबंधित श्राद्ध पक्ष की प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर तक चलेगी। सामान्य रूप से भाद्रपद-आश्विन श्राद्ध पक्ष 16 दिनों का होता है, लेकिन इस वर्ष एक तिथि का क्षय होने के कारण श्राद्ध पक्ष की अवधि कम हो गई है और यह 10 अक्टूबर को पूर्ण होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार षष्ठी तिथि का क्षय है। धार्मिक परंपरा के अनुसार यदि किसी तिथि का क्षय हो जाए तो उस तिथि का श्राद्ध अगले दिन किया जा सकता है। इसके अलावा सर्वपितृ अमावस्या के दिन भी ऐसे पितरों का श्राद्ध करने की परंपरा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से तिथियों के अनुसार पितृ कार्य और धार्मिक अनुष्ठान करने की बात कही।
पंडित मदन दत्त शर्मा ने बताया कि 10 अक्टूबर को अमावस्या होगी। इसके अगले दिन यानी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होगी। इस दौरान श्रद्धालु पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और अन्य धार्मिक कार्य विधि-विधान से करेंगे। उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष के दौरान परिवार की परंपरा और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितरों का स्मरण एवं पूजन किया जाता है।
सोलन : पितृ पक्ष श्राद्ध आज से शुरू, षष्ठी तिथि का क्षय; 10 अक्टूबर को अमावस्या व 11 से पहला नवरात्र