सोलन में सीवरेज ब्लॉकेज और जलभराव पर देवदर्शी सूद ने प्रशासन को घेरा

सोलन। शहर में सीवरेज ब्लॉकेज, खस्ताहाल सड़कों और बारिश के बाद होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर वरिष्ठ नागरिक देवदर्शी सूद ने प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
देवदर्शी सूद ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के दौरान जिलाधीश कार्यालय के समीप सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया था। जलभराव के कारण कई स्कूटी सवार फिसलकर चोटिल भी हुए। उन्होंने कहा कि बायपास से राजगढ़ रोड को जोड़ने वाला यह मार्ग शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। सड़क पर पानी जमा होने से पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है और वाहनों के गुजरने पर पानी के छींटे राहगीरों पर पड़ते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि डीसी कार्यालय के समीप जिस स्थान पर बार-बार पानी जमा होता है, वहां जल्द पैचवर्क करवाया जाए तथा जल निकासी और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
देवदर्शी सूद ने नवजीवन अस्पताल की ओर सीवरेज लाइन में भारी ब्लॉकेज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सीवर होल से गंदा पानी बाहर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य की दृष्टि से भी गंभीर समस्या बताते हुए सीवरेज व्यवस्था को जल्द ठीक करने की मांग की।
उन्होंने ओल्ड बस स्टैंड से डीसी कार्यालय तक किए गए सड़क कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह काम को आगे भी पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो शहर की अन्य व्यवस्थाओं पर भी इसका असर पड़ेगा।
देवदर्शी सूद ने प्रशासन की ओर से फंड की कमी का तर्क दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के लोग नियमित रूप से हाउस टैक्स और वाटर टैक्स का भुगतान करते हैं। ऐसे में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और नगर निगम से समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *