सोलन कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र का हमला, गारंटियों और जनसमस्याओं पर उठाए सवाल

सोलन। भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने सोलन के ठोडो ग्राउंड में कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रदर्शन को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भैंस के आगे बीन बजाने के घटनाक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ बीन बजाने के बजाय इसे कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने बजाया जाना चाहिए था।
शैलेंद्र ने कहा कि 14 अक्टूबर 2022 को इसी ठोडो ग्राउंड में आयोजित परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के दौरान प्रदेश की जनता से कई घोषणाएं की गई थीं। इनमें एक लाख युवाओं को रोजगार और महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा प्रमुख थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कार्यकाल काफी आगे बढ़ने के बावजूद इन वादों को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने महिलाओं के बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया।
भाजपा नेता ने राजनीतिक प्रदर्शन में बेजुबान पशु के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों से जोड़ते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को प्रदर्शन के दौरान पशुओं के इस्तेमाल से बचना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने सरकार को विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए चुना है।
शैलेंद्र ने सोलन की स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए स्पाटू-सुबाथू सड़क की स्थिति, पेयजल संकट और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम की बैठक में कांग्रेस के स्थानीय विधायक ने भी स्पाटू क्षेत्र की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।
उन्होंने शराब की बिक्री में कथित ओवरचार्जिंग, नशा तस्करी और सरकारी खर्चों को लेकर भी सवाल उठाए। शैलेंद्र ने कहा कि एक ओर कर्मचारी और पेंशनभोगी अपने लंबित भुगतान को लेकर परेशान हैं, वहीं सरकार पर फिजूलखर्ची के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से चुनावी घोषणाओं और जनसमस्याओं पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *