सोलन | स्टार कराटे एकेडमी सोलन की छात्रा साक्षी ठाकुर ने बरोटीवाला में आयोजित कराटे प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। साक्षी ने अंडर-19 के -36 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया, जिसमें कुल आठ खिलाड़ियों ने अपनी चुनौती पेश की। साक्षी ने लगातार तीन से चार मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया।
साक्षी ठाकुर गर्ल्स स्कूल की छात्रा हैं और अपनी इस सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, माता-पिता के प्रोत्साहन और स्टार कराटे एकेडमी के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को देती हैं। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन करीब तीन से चार घंटे कराटे का अभ्यास करती हैं। साक्षी के अनुसार एकेडमी में उन्हें ऑल इंडिया स्तर की बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं और मार्गदर्शन मिल रहा है। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब उनका चयन आगामी स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके लिए वह जल्द ही विशेष कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण लेंगी।
कराटे फाइट लीग के संस्थापक एवं पाइथियन कराटे फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी सेंसई रोहित जिंटा ने साक्षी ठाकुर को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सामने लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने से बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि साक्षी आगामी एसजीएफआई नेशनल गेम्स में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगी।
रोहित जिंटा ने कहा कि इस वर्ष सरकारी स्कूल गेम्स में पहली बार कराटे को शामिल किया गया है। अंडर-19 वर्ग में उनकी एकेडमी से पहली बार एक खिलाड़ी ने प्रतियोगिता में भाग लिया और स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कराटे खिलाड़ियों को अधिक सरकारी सहयोग और स्पोंसरशिप उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई।
उन्होंने कहा कि कराटे युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से नियमित रूप से कराटे सीखने और खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
सोलन की साक्षी ठाकुर ने कराटे में जीता स्वर्ण, स्टेट और नेशनल प्रतियोगिता पर नजर