सोलन : कसौली में जल सुरक्षा पर फोकस, 34 करोड़ की योजनाओं को मिली गति

कसौली विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुधार के बाद अब पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क सुधार के लिए वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। सरकार से स्वीकृत बजट से इन सड़कों पर सोलिंग और मेटलिंग का कार्य किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग से कौशल्या बांध परियोजना के लिए 22 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। यह टेंडर आगामी 10 से 15 दिनों में खुलने की संभावना है, जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में जल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि वार्षिक विधायक प्राथमिकता के तहत कसौली विधानसभा क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की नई पेयजल और सिंचाई योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है। इन योजनाओं को स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में जाडली-जाब जमरोड क्षेत्र और हरिपुर पेयजल योजना को मजबूत करना, रेहाना गांव से भारती पंचायत को जोड़ना तथा पनूंग में नया जल स्रोत विकसित करना शामिल है।
इसके अलावा धर्मपुर और सुल्तानपुर में परकुलेशन वेल बनाने तथा शीलू, शू कलां, जगात और मसूलखाना क्षेत्रों में सिंचाई योजनाओं को शामिल करने का प्रस्ताव है।
विधायक ने कहा कि कुथड़ गांव में करीब 15 वर्षों से बंद पड़ी लिफ्ट पेयजल योजना को दोबारा शुरू कर दिया गया है। बनासर पेयजल योजना का कार्य भी अंतिम चरण में है और जल्द इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। कसौली शहर में जलापूर्ति बढ़ाने के लिए बड़ा बोरवेल भी लगाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *