सोलन : जन शिकायत बैठक में समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडील की अध्यक्षता में सोलन में जन शिकायत निवारण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की समस्याओं और मांगों को सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जन शिकायत निवारण बैठक का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की बैठकों में सामने आने वाली कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाता है, जबकि जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया या अन्य औपचारिकताओं की आवश्यकता होती है, उन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था, अस्पतालों में सेवाओं, विभिन्न विभागों में स्टाफ की कमी तथा वन विभाग से संबंधित मामलों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। लोगों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता से सीधे संवाद के माध्यम से प्रशासन को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बैठक में सामने आए मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए इसकी प्रगति पर भी नजर रखी जाए। मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से आने वाले समय में क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और जनसुविधाओं में और सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *