सपरून पंचायत के पूर्व प्रधान एवं भाजपा सोलन शहरी मंडल के उपाध्यक्ष अनिल कुमार ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित पड़े फुट ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और जिला प्रशासन से इनका निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की है, ताकि पैदल राहगीरों और किसानों को सड़क पार करने में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
अनिल कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर 16 आंझी, रबोन के बोनवाला क्षेत्र, दो वाला क्षेत्र तथा सब्जी मंडी बाईपास में फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित थे, लेकिन अभी तक इनका निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रिल लगाए जाने के कारण लोगों को सड़क पार करने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। कई बार लोग समय बचाने के लिए जोखिम उठाकर सड़क के बीच से ही दूसरी ओर जाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी बाईपास पर स्थिति अधिक संवेदनशील है। यहां किसान और स्थानीय लोग फल-सब्जियां लेकर सड़क के आर-पार आते-जाते हैं। सड़क पर गहरा मोड़ होने के कारण वाहनों की गति का अनुमान लगाना भी मुश्किल होता है। इसके बावजूद यहां पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
अनिल कुमार ने कहा कि चंबाघाट से आगे ब्रूरी और सरोगड़ा सहित अन्य स्थानों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है, जबकि आंझी, रबोन और सब्जी मंडी बाईपास जैसे व्यस्त क्षेत्रों में लोग लंबे समय से इसकी सुविधा का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एनएचएआई से मांग की कि लंबित फुट ओवरब्रिज के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए। इससे राहगीरों, किसानों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और संभावित सड़क हादसों को रोकने में भी मदद मिलेगी।