प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर से होगी। सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के उपलक्ष्य में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद से उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा को 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शैलेन्द्र ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सोलन में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि रेस्ट हाउस के सामने जोनाजी रोड पर, जहां से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का आरंभ होता है, दीपक जलाए जाएंगे। इसके अलावा चंबाघाट में नेशनल हाईवे पर बने बड़े पुल के एक छोर पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चंबाघाट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के साथ भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लाभार्थियों के साथ मिलकर दीप जलाए जाएंगे।
भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष ने कहा कि रक्तदान शिविर के साथ शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान पूरे एक माह चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सोलन : प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सोलन भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, रक्तदान शिविर से होगी शुरुआत