पुराने डीसी कार्यालय परिसर के समीप बारिश के दौरान जलभराव और खस्ताहाल सड़कों की समस्या को लेकर नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने लोक निर्माण विभाग से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुराने डीसी कार्यालय के पास पहले से ही बड़ा ड्रेन सिस्टम बनाया गया है, लेकिन मुख्य सड़क से इसकी उचित कनेक्टिविटी न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है।
मदन हिमाचली के अनुसार पूर्व में सड़क के निचले हिस्से में एक बड़ा निकास मार्ग बना हुआ था, जिसके माध्यम से बारिश का पानी सीधे ड्रेन में चला जाता था। अब यह निकास बंद हो गया प्रतीत होता है। इसके चलते बारिश होते ही पुराने डीसी कार्यालय के आसपास सड़क पर पानी जमा हो जाता है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मुख्य सड़क को ड्रेन सिस्टम से जोड़ा जाए तथा बंद पड़े निकास मार्ग को जल्द दुरुस्त किया जाए। उनका कहना है कि यदि पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो जाए तो जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग ने भी क्षेत्र में सड़कों की स्थिति और गड्ढों की समस्या को स्वीकार किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण फिलहाल पैचवर्क करना उचित नहीं है। बारिश के बीच किए गए मरम्मत कार्य के जल्द खराब होने की संभावना रहती है।
विभाग ने आश्वासन दिया है कि मौसम साफ होते ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। सबसे पहले ड्रेन की कनेक्टिविटी को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद पुराने डीसी कार्यालय से कॉलेज के समीप और थोड़ो ग्राउंड के पास की सड़क तक बने गड्ढों को भरने तथा आवश्यक पैचवर्क का कार्य किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मौसम साफ होते ही मरम्मत कार्य में देरी न की जाए, ताकि बरसात के बाद सड़क पर आवाजाही सुचारू हो सके और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो।