सोलन : डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग के आरोप, सोलन पुलिस ने दर्ज की FIR; जांच जारी

डगशाई पब्लिक स्कूल में एक छात्र के साथ कथित मारपीट और रैगिंग से जुड़ा मामला सामने आया है। सोलन पुलिस के अनुसार, अभिभावकों की शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शिकायत में 5 तारीख को स्कूल परिसर में एक छात्र के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले करीब चार महीनों से कुछ छात्रों द्वारा डराने-धमकाने और रैगिंग जैसा व्यवहार किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल पांच छात्रों की पहचान किए जाने की जानकारी दी है। सोशल मीडिया, विशेष रूप से Snapchat पर कथित वीडियो पोस्ट किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। पुलिस ने रैगिंग से संबंधित कानून के साथ गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी और साधारण चोट से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी सोलन के मुताबिक, मामले में शामिल बताए जा रहे सभी छात्र स्कूल के विद्यार्थी हैं। पुलिस घटनाक्रम, शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर सामने आई सामग्री समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। विद्यार्थियों की पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में वास्तव में क्या हुआ और किसकी क्या भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *