सोलन सब्जी मंडी में प्याज के दाम चढ़े, टमाटर और लहसुन के भाव में भी बदलाव

सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों विभिन्न सब्जियों के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मंडी में प्याज के भाव में तेजी बनी हुई है, जबकि टमाटर और लहसुन की कीमतें गुणवत्ता और आवक के आधार पर अलग-अलग चल रही हैं। सब्जी मंडी सोलन के दुकान नंबर 10 के कारोबारी सचिन ठाकुर ने मंडी में चल रहे ताजा भाव और बाजार की स्थिति की जानकारी साझा की।
सचिन ठाकुर के अनुसार पिछले कुछ दिनों से प्याज के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते दिन मंडी में प्याज करीब 45 रुपये तक बिका था, जबकि बुधवार को इसके दाम बढ़कर 48 रुपये तक पहुंच गए। मंडी में लाल प्याज के साथ हल्के सफेद प्याज की भी आवक हो रही है। कारोबारी के अनुसार आने वाले दिनों में प्याज के दामों में और तेजी आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, टमाटर के बाजार में पुराने और नए माल के भाव में अंतर देखने को मिल रहा है। मंडी में पहुंच रहे पुराने टमाटर की कीमत करीब 100 से 250 रुपये तक चल रही है। अच्छी गुणवत्ता वाला पुराना टमाटर 250 रुपये तक बिक रहा है। दूसरी ओर, नया टमाटर 300 से 500 रुपये तक के भाव में बिक रहा है। सचिन ठाकुर ने कहा कि मौजूदा बाजार परिस्थितियों को देखते हुए टमाटर का भाव कम से कम 60 से 65 रुपये के स्तर पर होना चाहिए।
लहसुन के दाम भी उसकी गुणवत्ता और ग्रेडिंग के आधार पर तय हो रहे हैं। अच्छी तरह से छंटाई किया हुआ बढ़िया सफेद लहसुन मंडी में 205 से 210 रुपये तक बिक रहा है। बेहतर ग्रेडिंग वाले लहसुन की मांग भी बनी हुई है।
कारोबारियों का कहना है कि मंडी में आवक, गुणवत्ता और बाजार की मांग के अनुसार सब्जियों के भाव में बदलाव जारी है। आने वाले दिनों में प्याज समेत अन्य सब्जियों के दामों पर आवक और बाहरी बाजार की मांग का असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *