कुल्लू-मनाली में आयोजित छठी हिमाचल प्रदेश राज्य कुराश चैंपियनशिप में सोलन जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों से 621 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें सोलन के 57 खिलाड़ी शामिल रहे। सोलन ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में मंडी जिला प्रथम रहा।
हिमाचल प्रदेश कुराश एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी वीरेंद्र सिंह धौल्टा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है। प्रतियोगिता की मुख्य ट्रॉफी कुल्लू ने जीती, जबकि सिरमौर और शिमला ने फर्स्ट रनर-अप ट्रॉफी हासिल की।
सोलन के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। एमआरए डीएवी पब्लिक स्कूल की सानवी शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी स्कूल के अर्चित वर्मा ने कांस्य पदक जीता। हिमाचल स्पोर्ट्स ट्रेनिंग में अभ्यास करने वाले शशांक ठाकुर ने प्लस 50 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं नवेद्य चौहान और मोहक रघुवीर ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
मोहक रघुवीर के लिए यह उपलब्धि खास रही, क्योंकि वह पिछले करीब एक वर्ष से ही कुराश का अभ्यास कर रहे हैं। कम समय में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है।
एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें 4 से 6 तारीख तक लुधियाना में आयोजित होने वाली सब-जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के अलावा जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।
खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सोलन और हिमाचल के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे।
सोलन के खिलाड़ियों का कुराश चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, बालिका वर्ग में जिला प्रथम