सोलन में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर नगर निगम सख्त, पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य

शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और पालतू कुत्तों के पंजीकरण को लेकर नगर निगम सख्त हो गया है। वार्ड नंबर 12 की पार्षद प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि शहर में छोटे बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों को आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास अब तक करीब 15 से 20 लोगों के डॉग बाइट के मामले सीधे तौर पर सामने आ चुके हैं।
प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम में रोजाना कुत्तों से संबंधित नई शिकायतें पहुंच रही हैं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने बताया कि आवारा कुत्तों को सुरक्षित रखने के लिए डॉग शेल्टर बनाने की दिशा में निगम प्रयास कर रहा है। इसके लिए उपयुक्त भवन की तलाश की जा रही है और प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है।
पार्षद ने शहर के पशु प्रेमियों से अपील की कि पालतू कुत्तों को जिम्मेदारी के साथ रखें। उन्होंने कहा कि जानवरों के प्रति दया रखना अच्छी बात है, लेकिन मानव जीवन की सुरक्षा भी प्राथमिकता है। पालतू कुत्तों को घर के भीतर सुरक्षित रखने और उन्हें घर में ही खाना खिलाने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी पालतू कुत्तों का नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित शुल्क जमा करवाकर पंजीकरण करवाना जरूरी है। इससे निगम को कुत्तों की पहचान और निगरानी में भी सुविधा मिलेगी। बिना पंजीकरण कई कुत्ते रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।\
प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल जुर्माना 500 रुपये से शुरू किया गया है, जिसे बढ़ाकर 5000 रुपये तक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा के लिए नगर निगम आवश्यक कड़े कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। BITE – प्रियंका अग्रवाल पार्षद वार्ड न 12

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *