सोलन नगर निगम के वार्ड नंबर 3 में सफाई व्यवस्था और विभिन्न विकासात्मक कार्यों को लेकर संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों ने क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था, नालियों की स्थिति और कचरा प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
सेनेटरी इंस्पेक्टर राजेश ने कहा कि एनएच की नालियों में अवैध रूप से सीवरेज कनेक्शन करने और ओवरफ्लो पाइप डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को नोटिस जारी करने के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीवरेज का पानी नालियों और सड़कों पर बहने से गंदगी के साथ-साथ लोगों को भी परेशानी होती है।
डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि एनएच के अधीन खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग करने की योजना तैयार की जा रही है। इस भूमि पर बच्चों के लिए पार्क, सार्वजनिक शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खाली भूमि का उपयोग भी जनहित में किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान गुरुकुल और डीएवी स्कूल के समीप प्रस्तावित फ्लाईओवर तथा सब्जी मंडी के पास फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और पैदल राहगीरों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए आबादी के नजदीक स्थित कचरा केंद्रों को अन्य स्थानों पर शिफ्ट करने की योजना भी बनाई गई है। आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाने की बात कही गई। वहीं, नालियों का पानी सड़कों पर बहने से रोकने के लिए स्थायी सफाई टीम गठित करने का निर्णय लिया गया।
डिप्टी मेयर गौरव राजपूत और सेनेटरी इंस्पेक्टर राजेश ने लोगों से खुले में कचरा न फेंकने तथा कूड़ा केवल अधिकृत कर्मचारियों को देने की अपील की।