सोलन : जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रहा विपक्ष, राष्ट्रगीत को लेकर कर रहा राजनीति : कांग्रेस

जिला कांग्रेस कमेटी सोलन ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर चल रहे विवाद को विपक्ष की तर्कहीन राजनीति करार दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष सुभाष बरमानी ने कहा कि विधानसभा सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान और समापन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस स्थापित संसदीय परंपरा को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है।
बरमानी ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में काले बिल्ले लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन की गरिमा, नियमों और परंपराओं का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। ऐसे में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत जैसे संवेदनशील विषयों को राजनीतिक विवाद का मुद्दा बनाना उचित नहीं है।
पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष संजय शांडील ने कहा कि विपक्ष को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय जनता से जुड़े गंभीर विषयों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक, नीट परीक्षा में कथित धांधली, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर जनता जवाब चाहती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सदन में गैरजरूरी विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने पेट्रोल में मिलावट सहित विभिन्न जनहित के मामलों पर भी केंद्र सरकार को घेरने की बात कही।
सुभाष बरमानी और संजय शांडील ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है और यहां जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष से तर्कहीन राजनीति छोड़कर जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *