अवैध कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त हुआ नगर निगम, दो वाहनों पर 25 हजार रुपये जुर्माना

सोलन। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पिछले सप्ताह नगर निगम की बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जताए जाने के बाद मेयर और कमिश्नर ने अवैध रूप से कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम की टीम ने अभियान तेज करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए हैं।
नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शामती बाईपास स्थित वार्ड नंबर 15 में एक होटल की गाड़ी को अवैध रूप से कूड़ा फेंकते पाए जाने पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं, डीपीएस स्कूल के समीप अवैध तरीके से कूड़ा डंप करने वाली कुआगड़ी, शामती की एक गाड़ी को ट्रेस कर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों मामलों में निगम ने कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।
सुरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने के साथ-साथ उनके वाहन भी जब्त किए जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने और शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुछ वार्डों में सफाई का कार्य आउटसोर्स किया गया है। इसके अलावा मेयर और कमिश्नर के माध्यम से अतिरिक्त वाहन भी उपलब्ध करवाए गए हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए हर सप्ताह दो दिन नालियों और नालों की सफाई के साथ घास कटिंग का कार्य भी नियमित रूप से किया जा रहा है। निगम ने लोगों से स्वच्छ सोलन के लिए सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *