सोलन : राजीव गांधी की जयंती पर शहरी कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर सोलन में शहरी कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान देश और हिमाचल प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
पुनीत शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी सोच रखने वाले युवा नेता थे, जिन्होंने देश को आधुनिकता और तकनीक की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में भारत में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार क्षेत्र को नई गति मिली। उनके प्रयासों से देश में आईटी और दूरसंचार क्रांति की नींव मजबूत हुई, जिसका लाभ आने वाले समय में देश के युवाओं को मिला।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक भागीदारी का अवसर देने के लिए मतदान की आयु सीमा कम करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। इसके अलावा पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की। इससे जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
पुनीत शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव रहा। उनके कार्यकाल में प्रदेश में दूरसंचार और आधुनिक तकनीक के विस्तार को गति मिली। उन्होंने हिमाचल के विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने तथा देश और समाज के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। पुनीत शर्मा ने कहा कि देश के विकास, तकनीकी प्रगति और युवाओं के सशक्तीकरण में राजीव गांधी के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *