इस सीजन सोलन और परवाणू फल मंडियों में सेब की आवक पिछले वर्ष की तुलना में आधी से भी कम रह गई है। एपीएमसी सोलन के चेयरमैन रोशन ठाकुर ने बताया कि फसल कम होने के कारण मंडियों में सेब की आवक और कारोबार प्रभावित हुआ है।
उन्होंने बताया कि परवाणू मंडी में अब तक छोटे-बड़े मिलाकर 98,530 बॉक्स सेब पहुंच चुके हैं, जबकि सोलन मंडी में 2,25,377 बॉक्स की आवक दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक दोनों मंडियों में करीब सात लाख बॉक्स सेब पहुंच चुके थे। इस वर्ष ऊपरी शिमला में सेब की फसल कम होने को आवक घटने का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
रोशन ठाकुर के अनुसार आवक कम होने के बावजूद दोनों मंडियों में कारोबार जारी है। अब तक करीब 45 करोड़ 34 लाख 69 हजार 800 रुपये का कारोबार हो चुका है। छोटे और बड़े सभी बॉक्स को मिलाकर सेब की औसत दर करीब 1400 रुपये प्रति बॉक्स चल रही है।
उन्होंने बताया कि अच्छी गुणवत्ता और बेहतर ग्रेडिंग वाले सेब को मंडियों में अच्छे दाम मिल रहे हैं। बेहतरीन क्वालिटी के सेब के बॉक्स 3500 से 3800 रुपये तक बिके हैं। वहीं, 12 किलोग्राम वाले सेब के बॉक्स को 2200 से 2500 रुपये तक के भाव मिले हैं।
एपीएमसी चेयरमैन ने कहा कि सेब का भाव मुख्य रूप से उसकी गुणवत्ता और ग्रेडिंग पर निर्भर करता है। बागवान यदि अच्छी गुणवत्ता का सेब तैयार कर उचित ग्रेडिंग के साथ मंडी में लाते हैं तो उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है।
सोलन और परवाणू मंडियों में सेब की आवक आधी से भी कम, अच्छी क्वालिटी पर मिल रहे बेहतर दाम