मानसून की भारी बारिश के चलते सोलन सब डिवीजन में सड़कों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हुई हैं। लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी की मदद से प्रभावित मार्गों को यातायात के लिए बहाल करने का काम तेज कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग सोलन सब डिवीजन के सहायक अभियंता ई. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बीते दिन एक सड़क पर पेड़ गिरने से मार्ग को नुकसान पहुंचा था। इससे करीब दो लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। वहीं, सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण भी कई स्थानों पर सड़क मार्ग प्रभावित हुए। विभाग ने सूचना मिलते ही मशीनरी किराए पर लेकर मार्गों को खोलने का काम शुरू किया और यातायात को बहाल किया।
सहायक अभियंता के अनुसार सोमवार सुबह हुई बारिश से सोलन सब डिवीजन में करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे एक दिन पहले भी करीब दो से ढाई लाख रुपये की क्षति दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं।
ई. सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग सड़कें खोलने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 24 घंटे तत्पर है। किसी भी सड़क के बाधित होने की सूचना मिलने पर प्राथमिकता के आधार पर उसे बहाल करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने लोगों से बरसात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सफर पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर जांचें। वाहन ऐसे स्थानों पर खड़े न करें जहां भूस्खलन या पेड़ गिरने की आशंका हो। साथ ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर बारिश के दौरान होने वाले जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।