शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र की रामनगर पंचायत के अनुभवी बागवान गुलाब सिंह सोलन सब्जी मंडी में अपनी सेब की फसल लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मौसम की बेरुखी और सूखे के कारण इस बार सेब के आकार पर असर पड़ा है। इसके बावजूद मंडी में उन्हें फसल के अच्छे दाम मिले हैं।
गुलाब सिंह ने बताया कि उन्होंने सोलन मंडी की दुकान नंबर 112 में करीब 130 बॉक्स पारंपरिक रॉयल सेब बिक्री के लिए पहुंचाए, जो 2600 रुपये प्रति बॉक्स के भाव से बिके। उन्होंने आढ़ती मनीष के सहयोग और अपनी मेहनत से मिले अच्छे दाम पर संतोष जताया। इसके अलावा रेड गोल्डन 1500 रुपये, पेखम 1200 रुपये और व्हाइट गोल्डन 600 रुपये प्रति बॉक्स के भाव से बिका।
बागवान ने बताया कि इस साल क्षेत्र में सूखे की स्थिति के कारण सेब का आकार अपेक्षाकृत छोटा रहा। अधिकांश फल फाइव लेयर और सिक्स लेयर श्रेणी के हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में बड़े आकार के सेब की मांग अधिक रहती है, जबकि छोटे आकार के सेब का उठाव और भाव कई बार कम मिलते हैं। ऐसे में बागवानों को गुणवत्ता और फल के आकार पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
गुलाब सिंह ने युवाओं को आधुनिक हाई डेंसिटी बागवानी अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ बागवानों को विज्ञान और तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए। हाई डेंसिटी तकनीक में पौधे कम दूरी पर लगाए जाते हैं और उचित प्रबंधन के साथ दो से तीन वर्ष में फल देना शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक बागवानी से कम समय में बेहतर उत्पादन और आय हासिल करने की संभावनाएं बढ़ती हैं। युवाओं को मेहनत, तकनीक और वैज्ञानिक तरीके अपनाकर बागवानी को रोजगार और आय का बेहतर माध्यम बनाना चाहिए।