भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय आह्वान पर जिला मुख्यालय सोलन में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 11 सूत्री ज्ञापन भेजा गया। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के महामंत्री देवी दत्त तंवर ने मांगों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देशभर के सभी जिला मुख्यालयों से केंद्र सरकार को यह मांग पत्र भेजा जा रहा है।
ज्ञापन में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी, स्कीम वर्करों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने सहित कई मांगें उठाई गईं। संघ ने आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, मिड-डे मील वर्कर और एनएचएम कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल करने की मांग की।
संघ ने ईएसआई की पात्रता सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने तथा ईपीएफ के तहत न्यूनतम पेंशन एक हजार से बढ़ाकर 7500 रुपये करने की मांग रखी। इसके अलावा उद्योगों में मजदूरों के हितों से जुड़े प्रावधानों को मजबूत करने और यूनियन बनाने की प्रक्रिया में आ रही अड़चनों को दूर करने की मांग भी की गई।
देवी दत्त तंवर ने कहा कि काम के घंटों को लेकर स्पष्ट व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने मजदूरों से जुड़े अन्य मुद्दों, जिसमें ग्रेच्युटी संबंधी मांगें भी शामिल हैं, पर सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर सोलन मंडल अध्यक्ष सुजीत राणा, प्रदेश मंत्री नेकराम ठाकुर, नरेश ठाकुर, मेरचंद, तरेंद्र और बुद्धि सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।