अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोल डैम सतलुज पेयजल परियोजना के सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और अब डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विधायक ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से अर्की विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि योजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।
फोरलेन निर्माण को लेकर विधायक ने बिलासपुर से ब्राड़ीघाट और शालाघाट तक चल रहे कार्यों के कारण स्थानीय लोगों को पेश आ रही समस्याओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोगों को मुआवजा, रेट और सर्कल रेट से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर अवैज्ञानिक तरीके से की जा रही कटिंग से भी खतरा बना हुआ है।
अवस्थी ने कहा कि मानसून के दौरान फोरलेन निर्माण में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। दसेरन में हुए दर्दनाक हादसे जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एनएचएआई अधिकारियों के साथ जल्द बैठक की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य वैज्ञानिक तरीके से करवाने और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखने की बात कही।
बीडीसी बैठकों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर विधायक ने कहा कि बैठक न बुलाने की बात सही नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को बैठक निर्धारित थी, लेकिन भाजपा के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुए। अब अगली तारीख तय की गई है। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।