हिमाचल प्रदेश में कूडो मार्शल आर्ट के प्रति युवाओं और बच्चों की रुचि लगातार बढ़ रही है। सोलन में आयोजित तीसरी राज्य स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में शिमला, सोलन, बिलासपुर, मंडी और सिरमौर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश कूडो एसोसिएशन के हेड कोच अजय कुमार जस्वाल ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन वर्ष की आयु के बच्चों से लेकर 30 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कूडो खेल के प्रति प्रदेश में युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल में कूडो की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। वर्तमान में सोलन, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू और शिमला में इसकी नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। एसोसिएशन का प्रयास है कि जल्द ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी कूडो की गतिविधियां शुरू की जाएं।
जस्वाल ने बताया कि हिमाचल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। सीनियर वर्ग में प्रिया कुमारी थापा ने यूरेशिया कप और कूडो वर्ल्ड कप में लगातार दो बार रजत पदक हासिल किया है। वहीं अंडर-16 वर्ग में पेमा ठाकुर ने टोक्यो वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उन्होंने बताया कि नवंबर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता प्रस्तावित है। इसके बाद होने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रायल में हिमाचल से पांच से छह खिलाड़ियों के चयन की उम्मीद है। प्रतियोगिता के आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कोच और रेफरी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हिमाचल में बढ़ रहा कूडो का क्रेज, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 150 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा