सोलन में सिस्टर्स एनजीओ ने मनाया तीज महोत्सव, महिलाओं ने प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

सिस्टर्स एनजीओ की ओर से शहर के हिमानी होटल में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 से 200 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर तीज पर्व की खुशियां साझा कीं और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए हरे रंग के परिधानों का विशेष ड्रेस कोड रखा गया। सावन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने 16 श्रृंगार के साथ पारंपरिक रूप में हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि हरियाली तीज शिव-पार्वती के प्रेम और दांपत्य जीवन की खुशहाली का प्रतीक मानी जाती है।
सिस्टर्स एनजीओ की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना रहा। एनजीओ की प्रतिनिधि पूनम शांडील ने कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए उचित मंच मिलना जरूरी है। संस्था महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए रैंप वॉक और मॉडलिंग, म्यूजिकल चेयर तथा ऑन-द-स्पॉट प्रश्नोत्तरी सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों का भी आनंद लिया।
वार्ड नंबर 7 की काउंसलर पूजा तंवर ने महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जुड़ने और अपनी प्रतिभा साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशहाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
आयोजकों ने कहा कि तीज जैसे पर्व समाज में सकारात्मकता और आपसी सौहार्द बढ़ाने का माध्यम हैं। कार्यक्रम में महिलाओं ने जीवन से नकारात्मकता दूर कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *