15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड को लेकर गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चिलचिलाती धूप और बारिश के बीच छात्र लगातार परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
स्कूल की स्काउट टुकड़ी में शामिल 10वीं कक्षा के छात्र अक्षित ने बताया कि इस वर्ष भी स्कूल की स्काउट टीम को स्वतंत्रता दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिला है। छात्र पूरे उत्साह के साथ मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। गर्मी को देखते हुए अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों को बीच-बीच में आराम भी दिया जा रहा है। इस बार विद्यार्थियों की ओर से देशभक्ति से जुड़ा विशेष समूह गान भी प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं, सातवीं कक्षा के छात्र पार्थ, जो एलीमेंट्री स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं, भी परेड की तैयारियों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से विद्यार्थी लगातार अभ्यास कर रहे हैं। मौसम चाहे तेज धूप का हो या बारिश का, छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ है।
विद्यार्थियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस परेड में हिस्सा लेना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने देशभक्ति की भावना के साथ इस बार बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया है। छात्रों को उम्मीद है कि उनकी मेहनत रंग लाएगी और वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में शानदार प्रस्तुति देकर स्कूल और शहर का नाम रोशन करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस परेड के लिए सोलन के छात्र कर रहे कड़ा अभ्यास, धूप-बारिश भी नहीं रोक पाई तैयारी