विकास खंड सोलन के अंतर्गत मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना को लेकर डीपीआरसी सोलन में विशेष संवाद सत्र एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विकास खंड की 19 पंचायतों से करीब 350 से 400 ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रस्तावित बीपीएल परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना और विभागों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
खंड विकास अधिकारी मंजुला कंवर ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत चिन्हित बीपीएल परिवारों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, श्रम एवं कल्याण, उद्यान, तहसील कल्याण, यूको आरसीटी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से वीबी जी राम जी योजना के तहत जॉब कार्ड बनाने, पात्रता और कार्य प्रणाली के बारे में बताया गया।
कार्यशाला में आवास से वंचित पात्र परिवारों की प्राथमिकताएं भी दर्ज की गईं, ताकि उन्हें आवास योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय तथा एनआरएलएम की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
सोलन में मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना पर कार्यशाला, 19 पंचायतों के 400 ग्रामीणों ने लिया भाग