नगर निगम सोलन को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करा दिया गया। नगर निगम के सभी कर्मचारियों को एहतियातन कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया, जबकि पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुट गया।
डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने बताया कि नगर निगम को ईमेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद एसएचओ सहित पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियां कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल धमकी भरे ईमेल की पूरी जानकारी कर्मचारियों के पास उपलब्ध है और संबंधित एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।
डिप्टी मेयर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं और किसी भी प्रकार की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक सहयोग बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।