सोलन की मुख्य सब्जी एवं फल मंडी में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। एपीएमसी सचिव राघव सूद ने बताया कि मंडी में अब तक करीब 7,000 पेटियों सेब की आवक हो चुकी है। शुक्रवार को सेब का अधिकतम भाव 3,000 रुपये प्रति पेटी दर्ज किया गया। वहीं परवाणू उपमंडी में भी लगभग 15,000 पेटियां पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सेब का उत्पादन कम है। विशेषकर निचले क्षेत्रों में केवल 25 से 30 प्रतिशत फसल ही तैयार हुई है। हालांकि मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों से फसल आने के साथ आवक बढ़ने और किसानों को गुणवत्ता के अनुसार बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।
राघव सूद ने बताया कि मंडी में टमाटर सहित अन्य सब्जियों के दामों में भी तेजी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को टमाटर का अधिकतम भाव 550 रुपये प्रति क्रेट रहा। इस सीजन में अब तक मंडी में करीब 2.36 लाख क्रेट टमाटर की आवक दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मौसम और मांग के अनुसार आगामी दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
उन्होंने बताया कि बीन की अब तक करीब 55 हजार क्विंटल आवक हो चुकी है। इसका औसत भाव 40 रुपये प्रति किलो रहा, जबकि अधिकतम कीमत 53 रुपये प्रति किलो तक पहुंची। वहीं शिमला मिर्च की लगभग 7 हजार क्विंटल आवक दर्ज की गई है और इसका औसत मूल्य करीब 40 रुपये प्रति किलो बना हुआ है।
एपीएमसी सचिव ने बताया कि इस वर्ष लहसुन उत्पादक किसानों को भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंडी में अब तक लगभग 36 हजार क्विंटल लहसुन पहुंच चुका है। शुक्रवार को लहसुन का अधिकतम भाव 200 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि मंडी प्रशासन किसानों को पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। BITE – राघव सूद APMC सेक्टरी सोलन सब्जी मंडीG
सोलन मंडी में सेब की बढ़ी रौनक, सब्जियों के दामों में उछाल; लहसुन ने किसानों को दिए बेहतर भाव