सोलन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडील ने ‘हिमरा स्टोर कम कैफे’ का शुभारंभ करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है और महिलाओं की मेहनत, हुनर तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि यह स्टोर महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन और स्वरोजगार का प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को मेलों, उत्सवों और अन्य आयोजनों में लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक उत्पादों और घरेलू उपयोग की सामग्री की गुणवत्ता ने उपभोक्ताओं का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद स्थानीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
डॉ. शांडील ने महिलाओं के पाक कौशल की भी सराहना करते हुए कहा कि कैफे में स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लोगों को हिमाचली स्वाद का अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे स्टोर और कैफे स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार, आय कअवसर और अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध हो सके।