बघाट बैंक पर सुक्खू का बड़ा दांव: 72 हजार परिवारों को राहत का भरोसा, भाजपा नेताओं को जेल भेजने की चेतावनी

लंबे समय से आरबीआई की कैपिंग के कारण संकट झेल रहे बघाट कॉपरेटिव बैंक को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन से बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश दिया। हजारों खाताधारकों के फंसे पैसे के बीच मुख्यमंत्री ने बैंक के रिवाइवल का ऐलान करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार 72 हजार परिवारों के हितों की हर कीमत पर रक्षा करेगी। साथ ही उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए चेतावनी दी कि बैंक में जनता के पैसे की कथित लूट में यदि किसी भाजपा नेता या कार्यकर्ता की संलिप्तता पाई गई तो उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बघाट बैंक को दोबारा पटरी पर लाने की तैयारी कर रही है। जरूरत पड़ने पर सरकार बैंक को वित्तीय सहायता भी देगी, ताकि जमाकर्ताओं का पैसा सुरक्षित रहे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “किसी भी गरीब आदमी का पैसा मरने नहीं दिया जाएगा।”बैंक में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त सचिव को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच शुरू हो चुकी है और हाल ही में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। उनका कहना था कि जिसने भी बैंक को नुकसान पहुंचाया है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि जनता का पैसा लूटने वालों को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में भाजपा का कोई नेता या कार्यकर्ता दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *