सोलन में सांपों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने और उनकी जान बचाने का सराहनीय कार्य पंजाबी खान पिछले कई वर्षों से नि:शुल्क कर रहे हैं। सांप निकलने की सूचना मिलते ही वह बिना किसी शुल्क के मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू करते हैं और उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ देते हैं।
पंजाबी खान ने बताया कि बचपन से ही उन्हें सांप पकड़ने का शौक था। सोलन आने के बाद उन्होंने देखा कि लोग डर के कारण सांपों को मार देते हैं या फिर कुछ लोग उन्हें पकड़ने के लिए हजारों रुपये की मांग करते हैं। इसके बाद उन्होंने इसे सेवा का माध्यम बना लिया। उनका प्रयास रहता है कि सूचना मिलने के 10 से 12 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाएं। हाल ही में भारी बारिश के दौरान उन्होंने माल रोड क्षेत्र से एक घायल सांप का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
उन्होंने कहा कि इस सेवा के बदले वह किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेते। उनका उद्देश्य केवल सांपों की जान बचाना और लोगों में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाकर विशेषज्ञों को सूचना दें।
पंजाबी खान के अनुसार सोलन क्षेत्र में अधिकांश सांप विषहीन होते हैं और खेतों में चूहों की संख्या नियंत्रित कर किसानों के लिए लाभदायक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता और धैर्य से इंसानों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
सोलन में सांपों के रक्षक बने पंजाबी खान, नि:शुल्क रेस्क्यू कर बचा रहे बेजुबानों की जान