शहर के वार्ड नंबर-5 के पूर्व पार्षद अमरदीप पांजा ने शहर की विभिन्न गलियों में बढ़ते नशे के कारोबार और नशेड़ियों के बढ़ते जमावड़े पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कसाई गली, मोहन कॉलोनी, अग्रवाल सभा के पीछे और शीतला माता मंदिर मार्ग पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
अमरदीप पांजा ने बताया कि हाल ही में अग्रवाल सभा के पीछे 30 से 40 युवक-युवतियों को नशे की हालत में संदिग्ध पदार्थों का सेवन करते देखा गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो संबंधित लोगों ने उन्हें धमकाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि नशे की हालत में ऐसे लोग किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं, जिससे क्षेत्र के निवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कसाई गली में स्थित दो-तीन जर्जर मकान नशेड़ियों के अड्डे बन चुके हैं। इन खंडहरनुमा भवनों में नशा करने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की कि ऐसे जर्जर भवनों को जल्द गिराया जाए अथवा सील किया जाए, ताकि उनका दुरुपयोग रोका जा सके।
पूर्व पार्षद ने बताया कि क्षेत्र की महिलाओं ने भी इस समस्या को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कसाई गली, मोहन कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा नशा बेचने और युवाओं को इसकी गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायतें देने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, इसलिए अब ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।