सोलन के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 (एनएच-5) पर ब्रुरी में सोमवार तड़के करीब पौने पांच बजे दूध से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कैंटर में सवार चालक समेत तीनों लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन दुर्घटना की चपेट में आने से बिजली के खंभे, तार, सड़क की रेलिंग और पानी की पाइपें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और कई बार स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पीड़ित डिलीवरी बॉय ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले ही यह बाइक खरीदी थी और इसी के सहारे जोमैटो में डिलीवरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके अनुसार, बाइक के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से उसकी आजीविका पर संकट आ गया है। उसने कहा कि अब उसके सामने परिवार का खर्च चलाने की चिंता खड़ी हो गई है। उन्होंने ने राहत जताई कि यदि कैंटर रिहायशी मकानों की ओर गिरता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
सोलन: एक पल में उजड़ी रोजी-रोटी, दूध के टैंकर ने जोमैटो डिलीवरी बॉय की बाइक की चकनाचूर