सोलन : स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला, मंत्री के इस्तीफे की मांग

भारतीय जनता पार्टी सोलन मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल पर निशाना साधते हुए स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री से कार्य न होने पर इस्तीफे की मांग करना लोकतांत्रिक अधिकार है।
प्रेस वार्ता में गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने बीबीएन क्षेत्र में कथित तौर पर सामने आए घटिया दवाइयों के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाया। उन्होंने सोलन अस्पताल भवन के निर्माण में हो रही देरी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परियोजना तय समय के भीतर पूरी नहीं हो सकी।
भाजपा नेता ने सोलन-सुबाथू मार्ग, शांति बाईपास और जोनाजी सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने शहर में पेयजल समस्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जल भंडारण टैंक बनने के बावजूद कनेक्टिविटी के अभाव में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा।
नगर निगम के हालिया घटनाक्रम पर भी गुप्ता ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *