विकास खंड सोलन के अंतर्गत संचालित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में पाई गई खामियों और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मंजुला कंवर ने यूनिट के संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वेंडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बीडीओ मंजुला कंवर ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्थापित इस यूनिट को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभाग द्वारा पर्याप्त धनराशि व्यय की गई है। सोलन विकास खंड की 37 पंचायतों से प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए वेंडर के साथ समझौता किया गया था। हालांकि पिछले कुछ समय से यूनिट के संचालन को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
शिकायतों के मद्देनजर बीडीओ ने स्वयं यूनिट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यूनिट की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं पाई गई और कई कमियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित वेंडर को नोटिस जारी कर टेंडर की शर्तों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंजुला कंवर ने स्पष्ट कहा कि प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वेंडर की एक माह की भुगतान राशि भी फिलहाल रोक दी गई है। साथ ही यूनिट की नियमित निगरानी और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों की एक समिति गठित की गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी यूनिट की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
सोलन : प्लास्टिक वेस्ट यूनिट में मिली अनियमितताओं पर कार्रवाई, बीडीओ ने वेंडर को जारी किया नोटिस