ऐतिहासिक राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के चेयरमैन विकास काल्टा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन का शुभारंभ 25 जून को प्रातः 10 बजे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यद्यपि राज्य स्तरीय शूलिनी मेला 26 से 28 जून तक आयोजित किया जाएगा, लेकिन वॉलीबॉल प्रतियोगिता एक दिन पहले शुरू होगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 26 जून को खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश टीमें मंगलवार शाम तक सोलन पहुंच जाएंगी।
विकास काल्टा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आठ से दस टीमें भाग लेंगी। इनमें स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, बॉयज हॉस्टल रोहड़ू, ऊना हॉस्टल, लव ब्रदर्स शिमला, सिरमौर, परवाणू तथा खेलो इंडिया संधोल सहित अन्य टीमें शामिल हैं। इन टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेंगे, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 41 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों के रहने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था जिला प्रशासन और वॉलीबॉल कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। साथ ही प्रतिभागियों को टीए-डीए की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रतियोगिता के समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कर्नल संजय सांडल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विकास काल्टा ने सोलन सहित प्रदेशवासियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।